Showing posts with label Muslim. Show all posts
Showing posts with label Muslim. Show all posts

Sunday, August 30, 2020

यौमे आशूरा अवसर पर ऑनलाइन कांफ्रेंस का आयोजन

 हजरत इमाम हुसैन की शहादत को हमेशा याद रखा जाएगा 
                                                         -शाही इमाम पंजाब 
जामा मजिस्द लुधियाना में ऑनलाइन शहीद ए करबला कांफ्रेंस को सम्बोधित करते हुए शाही इमाम पंजाब मौलाना हबीब उर रहमान सानी लुधियानवी के साथ गुलाम हसन कैसर,मौलाना मुहम्मद उस्मान रहमानी
लुधियाना 30 अगस्त 2020 (पंजाब  स्क्रीन ब्यूरो) 
कोविड-19 के मद्देनजर आज यहां एतिहासिक जामा मजिस्द में यौमे आशूरा के अवसर पर हजरत इमाम हुसैन रजि. अल्लाह अनहू की याद में ऑन लाइन शहीद ऐ करबला कांफ्रेंस का आयोजन मजलिस अहरार इस्लाम द्वारा किया गया। जिसकी प्रधानगी शाही इमाम पंजाब मौलाना हबीब उर रहमान सानी लुधियानवी ने की। इस अवसर पर पावन कुरान शरीफ की तलावत कारी मुहम्मद मुहतरम द्वारा की गई और प्रसिद्व शायर गुलाम हसन कैसर,कारी मुहम्मद मुस्तकीम करीमी ने नातिया कलाम पेश किया।
कांफ्रेंस को सम्बोधित करते हुए मौलाना हबीब उर रहमान सानी लुधियानवी ने कहा कि आज का दिन विश्व के एतिहास मेें बहुत विशेष  है,इस दिन अल्लाह ताआला ने बड़ी रहमत व बरकत वाला बताया है और इस्लाम धर्म में मुहर्रम की 9 व 10 तारीख को रोजा रखने को कहा गया है। शाही इमाम ने कहा कि आज से 1400 वर्ष पहले आज के दिन करबला के मैदान में पैंगबर इस्लाम हजरत मुहम्मद सलल्लाहु अलैही वस्लम के नवासे हजरत इमाम हुसैन रजि. अल्लाह अनहू ने अपने पूरे परिवार व साथियों के साथ वक्त के जालिम हुक्मरानो के खिलाफ सच्चाई की आवाज बुलंद करने के कारण शहीद कर दिए गए। उन्होंने कहा कि विश्व भर में सरकारों के खिलाफ सच्चाई की आवाज उठाने का पहला संदेश मैदान ए करबला से हजरत इमाम हुसैन रजि. अल्लाह अनहू ने दिया,जो कि हमेशा याद रखा जाएगा। शाही इमाम ने कहा कि इस शहादत को कभी भुलाया नही जा सकता और जो कौमे अपने शहीदो को भूल जाती है,उनका वजूद खत्म हो जाता है। शाही इमाम ने कहा कि हजरत इमाम हुसैन ने उस समय के जालिम बादशाह से कौम व धर्म को बचाने के लिए कुर्बानी दीं थी। शाही इमाम ने कहा कि यौमे आशूरा के दिन ही अल्लाह पाक ने जमीन,आसमान,हवा,पानी,इंसान व हर चीज को बनाया और 10 मुहर्रम यौमे आशूरा के दिन ही कयामत आएगी। शाही इमाम ने कहा कि आज के दिन हमे अपने घर वालो पर दिल खोल कर खर्च करना चाहिए और इस दिन गरीबो की मदद करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई भी मुसलमान किसी यतीम को खाना खिलाता है,अच्छे कपड़े पहनाता है और बाद में उस यतीम के सिर पर प्यार से हाथ फेरता है और जितने वाल उसके हाथों के नीचे से निकलेगे,अल्लाह पाक उसको हर वाल के बदले में नेकियां देते है। कांफ्रेंस को सम्बोधित करते हुए नायब शाही इमाम मौलाना मुहम्मद रहमानी लुधियानवी ने मैदाने करबला का किस्सा बयान करते हुए हजरत इमाम हुसैन रजि. अल्लाह अनहू की बहादुरी की दास्तान बयां की। उन्होंने कहा कि कयामत तक आने वाले लोगो के लिए करबला का मैदान सच्चाई व इमानदारी देने का संदेश देता रहेगा।



Friday, December 27, 2019

लुधियाना में विभिन्न स्थानों पर सी.ए.ए के खिलाफ रोष प्रदर्शन

Friday: 27th December 2019 at 5:33 PM
काले कानून को रद्द करने की मांग, देश का संविधान धर्म निर्पेक्ष रहेगा
कुंदनपुरी , जमालपुर, ताजपुर रोड पर मुस्लिम समुदाय के लोग रोष प्रदर्शन करते हुए
लुधियाना: 27 दिसम्बर 2019: (पंजाब स्क्रीन ब्यूरो):: 
पंजाबी बाग टिब्बा रोड, रामनगर मुंडिया, जमालपुर चौंक, एल बलॉक रणधीर सिंह नगर, हरगोबिंद नगर, कुंदनपुरी, भामिया कालोनी ताजपुर रोड, पुनीत नगर में जुमा की नमाज के बाद अलग-अलग संस्थाओं की ओर से केंद्र सरकार के द्वारा बनाए गए नागरिकता कानून की विरोधता करते हुए जबरदस्त रोष प्रदर्शन किए गए। वर्णन योग है कि मुंडिया मस्जिद से रोष प्रदर्शन की अगुवाई सूरज अंसारी, शाही इमाम के सचिव मुस्तकीम अहरार, पंजाबी बाग मस्जिद से मुफ्ती आरिफ कासमी, कुंदनपुरी मस्जिद से प्रधान नूर उल हक, मस्जिद पीएयू से मुफ्ती खालिद, एल ब्लॉक मस्जिद से डाक्टर मुहम्मद इद्रीस, भामिया ताजपुर रोड से मुहम्मद खालिद की अगुवाई में रोष प्रदर्शन किए गए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में काला कानून मुर्दाबाद, हिन्दू-मुस्लिम-सिख-ईसाई, आपस में भाई-भाई, संविधान बचाओ देश बचाओ, फिर्कापरस्ती मुर्दाबाद के प्ले कार्ड उठाएं हुए थे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से धर्म के नाम पर शुरू की गई राजनीति अफसोसनाक है। उन्होंने कहा कि हमारा देश धर्म निरपेक्ष देश है हम अपने वतन के संविधान की हर कीमत पर रक्षा करेंगे, उन्होंने कहा कि दुख कि बात है कि काला कानून बनाने के बाद से प्रदर्शन कर रहे लोगों पर यूपी पुलिस ने जो अत्याचार किया है उससे देश का सिर शर्म से झुक गया है। पुलिस जो कि हमेशा सब को बराबर की नजर से देखती है ने यूपी में अपना विश्वास खो दिया है। प्रदर्शनकरियों ने भारत के राष्ट्रपति श्री राम नाथ कोविंद जी से मांग की है कि पुलिस की तरफ से की गई हत्याओं पर कारवाई करते हुए यूपी पुलिस में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, खास बात यह है कि प्रदर्शनकारी जुमा की नमाज के बाद शांतिपूर्वक रोष प्रदर्शन करते हुए वापिस अपने घरों को लौटे। एक सवाल के जवाब में शाही इमाम के सचिव मुहम्मद मुस्तकीम ने कहा कि हम भारत के वासी है रोष प्रदर्शन में भी मर्यादा का ध्यान रखते हैं, किसी को गद्दार कह कर नहीं बोलते।

Tuesday, October 02, 2018

शाही इमाम के सचिव से लूटपाट करने वाले लुटेरे गिरफ्तार

Oct 2, 2018, 5:42 PM
लुधियाना पुलिस की सतर्कता काम आई: मुस्तकीम अहरारी
एडीसीपी-1 गुरप्रीत सिंह सिकंद, एडीसीपी सैंट्रल बरियाम सिंह का धन्यावाद करते नायब शाही इमाम मौलाना मुहम्मद उसमान व मुस्तकीम अहरारी
लुधियाना: 2 अक्तूबर 2018 (पंजाब स्क्रीन ब्यूरो)::
18 मार्च की रात को मन्ना सिंह कोठी के सामने जीटी रोड बूढ़ा नाला के पास शाही इमाम मौलाना हबीब उर रहमान के सचिव मुहम्मद मुस्तकीम के साथ लूटपाट करने वाले लुटेरे आखिर लुधियाना पुलिस की मुस्तैदी से गिरफ्तार कर लिए गए। यह जानकारी आज यहां पुलिस कमिश्नर कार्यालय में बुलाई गई एडीसीपी-1 श्री गुरप्रीत सिंह सिकंद ने दी। इस अवसर पर एसीपी सैंट्रल बरियाम सिंह, नायब शाही इमाम मौलाना मुहम्मद उस्मान लुधियानवी, मुहम्मद मुस्तकीम भी उपस्थित थे। इस मौके पर मुस्तकीम ने बताया कि 18 मार्च 2018 रात्रि को जब वह जामा मस्जिद से अपने निवास शिवपुरी जा रहे थे तो बूढ़ा नाला के पास दो लुटेरों ने रोक कर गर्दन पर दात रख कर 2 मोबाइल और 10 हजार के करीब नकदी लूट ली और इसी बीच जब एक कार आती नजऱ आई तो लुटेरे मुझे छोड़ भाग गए लेकिन जैसे ही सडक़ सुनसान हुई तो लुटेरे मेरी तरफ वापिस आने लगे तो मैंने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से हवाई फायर किया, जिसके बाद लुटेरे वहां से भाग निकले।  मुस्तकीम ने बताया कि पुलिस लगातार लुटेरों को ढूंढने मेें लगी हुई थी, लुधियाना पुलिस की तरफ से इस केस को हल करने के लिए आज जामा मस्जिद की तरफ से पुलिस कमिश्नर डा. सुखचैन सिंह गिल व उनकी पूरी टीम का धन्यावाद भी किया। मुहम्मद मुस्तकीम ने पुलिस के आला अधिकारियों से मांग की है कि उनके साथ लूटपाट करने वाले तथा जानलेवा हमला करने वाले संबधित लुटेरों पर चोरी के साथ-साथ जानलेवा हमला करने की धारा 307 भी लगाई जाए।

Friday, May 26, 2017

गालिब रणसिंह वाल में मस्जिद हजरत अबू बकर का उद्घाटन


गांव के लोगो ने कौमी एकता का सबूत दिया है : शाही इमाम पंजाब

लुधियाना: 25 मई 2017: (पंजाब स्क्रीन ब्यूरो):: 
जहां स्वार्थी सियासतदान आज भी लोगों में फुट डाल कर अपना उल्लू सीधा करने में लगे है वहां नेक लोग अभी भी भाईचारक सांझ को मज़बूत बनाने में लगे हैं। गांव गालिब रण सिंह में आज हुआ आयोजन इस मैत्री की ही एक झलक थी।  

जगराओं तहसील के गांव गालिब रण सिंह में आज मजलिस अहरार इस्लाम हिन्द की ओर से बनाई गई भव्य मस्जिद का उद्घाटन पंजाब के शाही इमाम मौलाना हबीब उर रहमान सानी लुधियानवी ने अपने कर कमलों द्वारा किया। इस मौके पर नाइब शाही इमाम मौलाना उस्मान रहमानी, गांव के सरपंच हरसिमरन सिंह बाली, पंचायत मैंबर राजिन्द्र सिंह, दविन्द्र सिंह, सुखविन्द्र सिंह,हरजिन्द्र कौर, भगवंत सिंह, नरिन्द्र कौर, बलजीत सिंह, नंबरदार वीरइन्द्र सिंह व अन्य भी मौजूद थे। गौरतलब है कि गालिब रणसिंह वाल में एक दर्जन से अधिक मुस्लिम परिवार है जोकि पिछले लंबे समय से गांव में मस्जिद बनाने की कोशिश कर रहे थे, इन परिवारों की जरूरत को देखते हुए गांव के सरपंच हरसिमरन सिंह बाली ने शाही इमाम पंजाब मौलाना हबीब उर रहमान सानी लुधियानवी के साथ सम्पर्क कर गांव में एक भव्य मस्जिद का निर्माण करवाया। गांव में बनी यह मस्जिद अपनी खूबसूरती स्वयं ही ब्यां करती है।
 
इस मौके पर शाही इमाम पंजाब ने कहा कि मस्जिद खुदा का घर है और इसके दरवाजे हर इंसान के लिए खुले है। उन्होंने कहा कि गांव के हिन्दू-सिख भाइयों ने मस्जिद के निर्माण में योगदान डाल कर कौमी एकता को मजबूत किया है। शाही इमाम ने कहा कि इस्लाम अमन का मजहब है और समाज में बराबरी का संदेश देता है तांकि किसी के साथ भेदभाव न किया जाए। इस मौके पर अल हबीब ट्रस्ट के महासचिव व नाइब शाही इमाम मौलाना उस्मान रहमानी ने सरपंच ंच हरसिमरन सिंह बाली और पंचायत मैंबरों को सम्मानित किया। उस्मान रहमानी ने बताया कि गांव में मस्जिद के निर्माण के दौरान वह जब भी लुधियाना से आये तो उनका हिन्दू-सिख भाईयों की तरफ से गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया और कभी भी किसी चीज की कमी नहीं आने दी गई। 

Friday, May 05, 2017

पाक को ईंट का जवाब पत्थर से देंगे: शाही इमाम पंजाब की दहाड़

Fri, May 5, 2017 at 2:20 PM
लुधियाना में हज़ारों मुसलमानों ने जलाया नवाज शरीफ का पुतला 
लुधियाना में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ का पुतला जलाते हुए मुस्लिम समुदाय के लोग
लुधियाना: 5 मई 2017: (पंजाब स्क्रीन ब्यूरो): 
जिन लोगों के दिमाग में नफरत की सियासत भरी है उन लोगों को हर बुरी घटना के पीछे कोई अल्पसंख्यक ही दिखता है। हिन्दोस्तान की एकता, अखंडता और सीमा को अभेद बनाये रखने के लिए जीते अच्छे कारनामे मुस्लिम समुदाय ने किये हैं उनकी लिस्ट बहूज लम्बी है। इन गौरव गाथाओं की याद दिलाते हुए आज लुधियाना स्थित जामा मस्जिद से कहा गया कि पाकिस्तान को ईंट का जवाब पत्थर से देने का वक़्त आ गया है। 
आज यहां शहर की ऐतिहासिक जामा मस्जिद लुधियाना के बाहर हजारों मुसलमानों ने नायब शाही इमाम पंजाब मौलाना उस्मान रहमानी के नेतृत्व में पाकिस्तानी गुंडागर्दी के खिलाफ जबरदस्त विरोध प्रदर्शन करते हुए पाक प्रधानमंत्री नवाज शरीफ का पुतला जलाया और पाकिस्तान व पाकिस्तानी फौज के खिलाफ जबरदस्त नारेबाजी की। इस मौके पर संबोधन करते हुए नायब शाही इमाम पंजाब मौलाना उस्मान रहमानी लुधियानवी ने कहा कि बीते दिनों कश्मीर में धोखे से भारतीय फौजियों के साथ पाकिस्तानियों की ओर से की गई दरिंदगी ने एक बार फिर पाकिस्तानी सरकार को बेनकाब कर दिया है। उस्मान रहमानी ने कहा कि पूरा देश अपने शहीद जवानों को सलाम करता है लेकिन इसके साथ ही पाकिस्तान को भी हम बता देना चाहते हैं कि वह किसी खामख्याली में ना रहे, ईंट का जवाब पत्थर से दिया जाएगा। नायब शाही इमाम ने भारत सरकार से मांग की है कि पाकिस्तान से बातचीत बंद करके ताकत का इस्तेमाल किया जाना चाहिए, क्योंकि लातों के भूत बातों से नहीं मानते। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की सरकार किसी खामख्याली में ना रहे अगर जरूरत पड़ी तो उसकी अकल ठिकाने लगाने के लिए भारत के 26 करोड़ मुसलमान ही काफी हैं। नायब शाही इमाम ने कहा कि भारत में रहने वालों के सियासी मतभेद हो सकते है लेकिन देश की एकता और अखण्डता के लिए हिंदु, मुसलमान, सिख, ईसाई, दलित और सभी जातियों के लोग एक जुट हैं और हमारी इस एकता की ताकत को दुनिया वाले तोड़ नहीं सकते, एक प्रशन का उत्तर देते हुए पंजाब के नायब शाही इमाम मौलाना उस्मान रहमानी ने कहा कि मोदी जी को चाहिए कि अब देश मे तीन तलाक के मुद्दे को छोड़ कर पहले पाकिस्तान का जनाजा निकाले। इस मौके पर गुलाम हसन कैसर,कारि अल्ताफ उर रहमान ,शाहनवाज अहमद व  शाही इमाम पंजाब के सचिव मुहम्मद मुस्तकीम आदि मौजूद थे।

Thursday, February 09, 2017

भागवत साहिब मुसलमान हिन्दू नहीं गर्व से हिंदुस्तानी हैं-शाही इमाम पंजाब

Thu, Feb 9, 2017 at 5:05 PM
भागवत अल्पसंख्यकों को डराने की कोशिश न करें
लुधियाना:: 9 फरवरी 2017: (पंजाब स्क्रीन ब्यूरो)::
वाम दलों और मुस्लिम समाज ने राष्ट्रिय स्वयं सेवक संघ के सरसंघ चालक मोहन भागवत के बयान का गंभीर नोटिस लिया है और सावधान किया है कि वह अल्पसंख्यकों को डराने की कोशिश न करें। संघ संचालक मोहन भागवत की ओर से भारतीय मुसलमानों को आत्मा से हिन्दू बताने पर मजलिस अहरार इस्लाम हिन्द की ओर से पंजाब के शाही इमाम मौलाना हबीब उर रहमान सानी लुधियानवी ने कड़ी आपत्ति जताई,उन्होंने काहा की भागवत सत्ता के बल पर अल्पसंख्यकों को डराने की कोशिश कर रहे हैं।शाही इमाम ने कहा कि कोई भी मुसलमान आत्मा से हिन्दू नहीं है इस्लाम ही हमारा धर्म है और दुनिया की कोई भी ताक़त हमें इससे अलग नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि भारतीय मुसलमानों को हिंदुस्तानी होने पर गर्व है लेकिन मुसलमान किसी को भी अपने आत्म सम्मान के साथ खिलवाड़ नहीं करने देंगें।शाही इमाम ने कहा कि बड़ी हैरत की बात है कि देश को प्रगति की ओर ले जाने का वादा करने वाले लोग बीते तीन वर्षों से अपनी नाकामी छुपाने के लिए अल्पसंख्यकों पर टिप्पणियां कर के अपना गुजारा कर रहे हैं,शाही इमाम ने कहा कि अल्पसंख्यको को धमकाने से अच्छा है कि वह अपने दयत्त्व की और ध्यान दें, मौलाना हबीब उर रहमान ने कहा कि सत्ता में रहने वाले अपने दिमाग से ये गलतफहमी निकल दे की वह अल्पसंख्यको का दीन धर्म छीन लेंगे।उन्होंने कहा कि इस्लाम ही हमारा धर्म है और हम अपने देश में आज़ादी के साथ हमेशा अल्लाहु अकबर कह कर नमाज़ पढ़ते रहेंगें। शाही इमाम ने कहा कि यह विडम्बना ही है कि सत्ता में आने के बाद भी धर्म के नाम पर ही रोटियां सेंकी जा रही है राजा के सहयोगी प्रजा को धमका रहे हैं और देश आगे बढ़ने की बजाये थम सा गया है।

Monday, December 12, 2016

सम्प्रदायक ताकतों की ओर से इस्लाम धर्म को आतंकवाद से जोडऩा गलत

इस्लाम धर्म आपसी भाईचारे और शांति का संदेश देता है
पैगम्बरे इसलाम हजरत मुहम्मद ने भेद-भाव खत्म कर इंसानियत को बराबरी का दर्जा दिया
सच्चा मुसलमान वही, जो हजरत मुहम्मद (स.) साहिब के बताए रास्ते पर चले: शाही इमाम
लुधियाना: 12 दिसंबर 2016: (पंजाब स्क्रीन ब्यूरो):
दिलों से नफरतें निकाल कर आपसी भाईचारे को मजबूत कीजिए, सच्चा मुसलमान वही है, जो हजरत मुहम्मद (स.) साहिब के बताए हुए रास्ते पर चले। यह विचार आज यहां जामा मस्जिद में 12 वफात के इतिहासिक दिन के मौके पर मुसलमानों को संबोधित करते हुए पंजाब के शाही इमाम मौलाना हबीब-उर-रहमान सानी लुधियानवी ने प्रगट किये। उन्होंने कहा कि हजरत मुहम्मद सल्ललाहु अलैहीवसल्लम 12 रबी-उल-अव्वल के दिन ही 63 साल तक संसार में इंसानियत को प्यार-मुहब्बत, आपसी भाईचारे का पाठ पढ़ा कर अल्लाह तआला के पास वापिस चले गये। इसीलिए आज के दिन को 12 वफात कहा जाता है। शाही इमाम ने कहा कि आज के दिन मुसलमान अपने प्यारे नबी हजरत मुहम्मद (स.) साहिब को याद करते हुए उनकी दी हुई शिक्षाओं के अनुसार अपना जीवन व्यतीत करने का संकल्प दोहराते हैं। शाही इमाम ने कहा कि 14 सौ वर्ष बीत जाने के बाद भी आपकी शिक्षाएं किसी परिवर्तन के बिना मूल्य रूप में मौजूद हैं और मानव जाति के मार्ग दर्शन के लिए आशा की किरण हैं। उन्होंने कहा कि अल्लाह तआला ने कुरान शरीफ में यह बात स्पष्ट कर दी कि हजरत मुहम्मद (स.) साहिब आखरी नबी हैं, अब कोई और व्यक्ति कयामत तक नबी बनकर नहीं आ सकता। शाही इमाम ने कहा कि हजरत मुहम्मद (स.) साहिब के दुनिया में आने से पहले लोग बेटियों को जिंदा जमीन में दफन कर दिया करते थे। आप (स.) ने दुनिया में आकर इस जुल्म को रोका और बेटी को अल्लाह की रहमत बताया। शाही इमाम ने कहा कि इस्लाम धर्म आपसी भाईचारे और शांति का संदेश देता है, सम्प्रदायक ताकतों की ओर से इस्लाम धर्म को आतंकवाद से जोडऩा गलत है, बल्कि निंदनीय है। इस मौके पर नायब शाही इमाम मौलाना उसमान रहमानी, मौलाना कासिम, कारी मोहतरम, मौलाना महबूब आलम गोरखपुरी, अंजूम असगर, शाहनवाज अहमद, गुलाम हसन कैसर,  मुख्य सचिव मुहम्मद मुस्तकीम विशेष रूप से उपस्थित थे।

Sunday, December 11, 2016

12 रबी-उल-अव्वल सोमवार को: शाही इमाम पंजाब

Sun, Dec 11, 2016 at 12:54 PM
इस अवसर पर मुसलमान मस्जिदों में जाकर विशेष दुआ करते हैं
लुधियाना: 11 दिसम्बर 2016: ( पंजाब स्क्रीन ब्यूरो):
आज यहां पंजाब के शाही इमाम मौलाना हबीब-उर-रहमान सानी लुधियानवी ने ऐलान किया कि 12 रबी-उल-अव्वल (12 वफात) का पवित्र दिन आज 12 दिसम्बर को पंजाब भर में मनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि 12 रबी-उल-अव्वल का दिन दुनिया के इतिहास में इसलिए विशेष है कि इस दिन अल्लाह पाक के आखरी नबी हजरत मुहम्मद (स.) साहिब का जन्म मक्का शरीफ में हुआ और अल्लाह पाक ने हजरत मुहम्मद (स.) साहिब को पूरी दुनिया के लिए रहमत बनाकर भेजा। उन्होंने बताया कि हजरत मुहम्मद (स.) साहिब ने इस्लाम धर्म के रूप में दुनिया भर के इंसानों को आपसी भाईचारे और शांति का संदेश दिया, शाही इमाम मौलाना हबीब ने बताया कि आज के दिन मुसलमान मस्जिदों में जाकर विशेष दुआ करते हैं और गरीबों तथा यतीमों को अच्छा खाना खिलाते हैं। उन्होंने बताया कि आज के दिन को 12 वफात इसलिए कहा जाता है क्योंकि 63 साल बाद आज ही के दिन हजरत मुहम्मद (स.) साहिब  इस दुनिया से वापिस तशरीफ ले गये थे। शाही इमाम ने सभी मुसलमानों को अपने संदेश में कहा है कि आज के दिन ज्यादा से ज्यादा दरूद शरीफ पढ़ें और अपने अंदर की बुराईयों को त्याग कर अच्छे काम करने का संकल्प करें। 

Sunday, July 31, 2016

69 वर्षों के बाद बन रही है गाँव गालिब रणसिंह में मस्जिद

Sun, Jul 31, 2016 at 3:22 PM
1947 में भी नहीं छोड़ा था मुस्लिम परिवारों ने गाँव 
लुधियाना: 31 जुलाई 2016: (पंजाब स्क्रीन ब्यूरो): : 
जिला के गांव गालिब रणसिंह में आज सभी धर्मो के सदस्यों के साथ शाही इमाम पंजाब मौलाना हबीब उर रहमान सानी लुधियानवी ने गांव में बनाई जाने वाली मस्जिद हजरत अबूबकर का नींव पत्थर रखा। इस अवसर पर विशेष रूप से नायब शाही इमाम मौलाना मुहम्मद उसमान रहमानी लुधियानवी, गालिब रणसिंह के सरपंच जगदीप कौर पत्नी हरसिमरन सिंह, मैंबर रजिन्द्र सिंह, मैंबर रछपाल सिंह, मैंबर चैंचल सिंह, मैंबर सुखविन्द्र सिंह, मैंबर दविन्द्र सिंह, डा. इदरीस, बिलाल खान, मुहम्मद फुरकान, बबलू खान, मौलाना मुमताज व अन्य गणमान्य विशेष रूप में उपस्थित हुए। इस मौके पर संबोधित करते हुए शाही इमाम पंजाब मौलाना हबीब उर रहमान सानी लुधियानवी ने कहा कि मस्जिद खुदा का घर है और इसके दरवाजे हमेशा सभी के लिए खुले है। उन्होनें कहा कि सभी धर्म एकता, प्यार और भाईचारे का संदेश देते है। शाही इमाम ने कहा कि ये प्रत्येक हिन्दूस्तानी के लिए गर्व की बात है कि भारत विश्व का सर्वधर्म देश है और यहां हर एक व्यक्ति को अपने धर्म का पालन करने की पूर्ण आजादी है। शाही इमाम मौलाना हबीब उर रहमान ने कहा कि विदेशी और कट्टरपंथी ताकतें देश में सर्वधर्म एकता को तोडऩे की कोशिश करती रहती है, लेकिन वतन के हिन्दू, सिख, मुसलमान व अन्य वर्गो के लोग आपसी एकता के बल पर ऐसी साजिशों को नाकाम कर देते है। शाही इमाम ने कहा कि इस्लाम को आंतकवाद के साथ जोड़ कर देखना गलत है। इस्लाम अमन का संदेश देता है। समाज में ऊंच-नीच फैलाने वाली ताकतें ही इस्लाम के खिलाफ भ्रम पैदा करना चाहती है। उन्होनें कहा कि पंजाब भारत वर्ष में कौमी एकता की एक जिंदा मिसाल है। शाही इमाम ने कहा कि ग्राम पंचायत ने मस्जिद बनाने के लिए जगह देकर कौमी एकता को ओर बल दिया है। ग्राम पंचायत के सरपंच जगदीप कौर ने कहा कि उनका गांव हमेशा ही सभी धर्मो का सत्कार करता आया है। उन्होनें कहा कि हम सब गांव वाले मस्जिद के निर्माण में शाही इमाम जी का हर तरह से साथ देगें। वर्णनयोग है कि इस खुशी के मौके पर गांव गालिब रणसिंह की पंचायत की ओर से शाही इमाम जी को सम्मानित किया गया। गांव के मुस्लिम निवासी मुहम्मद रफी, लियाकत अली, अनवर अली, इस्माइल मुहम्मद, सादिक अली, इकबाल मुहम्मद, खुदा बख्श, अब्दुल मजीद, सरदार अली, रसीक मुहम्मद, असलम अली, हमजद अली, अकरम अली, शमी खान, रेशम अली, तरसेम अली, शमशेर अली, अंग्रेज अली, संजीव अली, शाहरूख खान, शहजाद अली, मुहम्मद सनवर, जाफिर अली, अमीर मुहम्मद, साहिल खान, मुहम्मद जुलफकार ने शाही इमाम साहिब द्वारा गालिब रणसिंह, गालिब कलां की पंचायत के सदस्यों को सम्मान चिन्ह भेंट किए। 

Thursday, July 28, 2016

पंजाब सरकार के आश्वासन पर राज्य स्तरीय प्रदर्शन स्थगित

Thu, Jul 28, 2016 at 5:03 PM
अल्पसंख्यकों पर जबरदस्ती सहन नहीं होगी: शाही इमाम पंजाब
लुधियाना: 28 जुलाई 2016:(पंजाब स्क्रीन ब्यूरो):
आज यहां फील्डगंज चौंक स्थित ऐतिहासिक जामा मस्जिद में पंजाब सरकार व पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर अमन-शांति और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की गई। मीटिंग में पंजाब सरकार के वरिष्ठ सदस्य जत्थेदार हीरा सिंह गाबडिय़ा चेयरमैन योजना बोर्ड लुधियाना, डिप्टी कमिश्नर पुलिस-1 जोगिन्द्र सिंह, एसडीएस परमजीत सिंह, एसीपी सैन्ट्रल अमनदीप बराड़, एसीपी नार्थ रवनीश चौधरी, बाबा अजीत सिंह विशेष रूप से उपस्थित थे। इस मौके पर शाही इमाम पंजाब मौलाना हबीब उर रहमान सानी लुधियानवी ने कहा कि पाकिस्तान और अलगाववादियों की हम हमेशा निंदा करते रहे है लेकिन इस नाम पर पंजाब में सस्ती राजनीतिक रोटीयां सेकने के लिए अल्पसंख्यकों के साथ अगर गुंडागर्दी करने की कोशिश की गई तो उसे हरगिज बर्दाशत नहीं किया जाएगा। शाही इमाम ने कहा कि काला दिवस के ऐलान को लेकर कुछ कट्टरपंथीयों में घबराहट पाई जा रही है जबकि हमने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि अगर गुंडागर्दी न रूकी तो काला दिवस मनाएगें लेकिन इस बीच प्रशासन लगातार काम कर रहा है। शाही इमाम ने स्पष्ट कहा कि अगर किसी ने पंजाब का अमन खराब करने की कोशिश की तो हर हालत में काला दिवस मनाया जाएगा। उन्होनें कहा कि प्रदेश के हिन्दू, सिख, मुसलमान, इसाई, दलित भाईचारे के लोग आपस में प्रेम करने वाले है, जिसे सिर्फ गिनती के शरारती तत्व तोडऩा चाहते है, इस साजिश को कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। शाही इमाम ने कहा कि कट्टरपंथी लुधियाना के उद्योग और व्यापार को नुकसान पहुंचा रहे है। कश्मीर समेत विश्वभर से आने वाले मुस्लिम व्यापारी भी यहां पर दिखाए जा रहे कट्टरवाद की वजह से अपने व्यापारिक सबंधों पर विचार करने लगे है। उन्होनें कहा कि कोई भी धर्म किसी एक अपराधी की सजा किसी दूसरे को देने की इजाजत नहीं देता। चेयरमैन हीरा सिंह गाबडिय़ा ने कहा कि पंजाब देश में भाईचारे की मिसाल है। पंजाब सरकार सभी धर्मो का सम्मान करती है। किसी भी कट्टरपंथी को प्रदेश में अमन खराब करने की छूट  नहीं दी जा सकती। गाबडिय़ा ने कहा कि हम मुस्लिम समाज के आभारी है जिन्होंने पंजाब सरकार के आश्वासन पर प्रदेश भर में मनाए जाने वाले काले दिवस को स्थगित कर दिया है।  इस अवसर पर लुधियाना पुलिस के डिप्टी कमिश्नर-1 श्री जोगिन्द्र सिंह ने आश्वासन दिया कि शहर में अमन-शांति भंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कारवाई की जाएगी और जिन लोगों के खिलाफ एफआरआई दर्ज है, उन्हें जल्दी गिरफ्तार किया जाएगा। इस मौके पर शहर के सभी मुस्लिम नेताओं ने पंजाब सरकार और पुलिस के आश्वासन पर सहमति का इज्जहार करते हुए काला दिवस मनाए जाने के ऐलान को स्थगित करते हुए कहा है कि अगर गिरफ्तारी न हुई तो आने वाले दिनों में राज्य स्तरीय प्रदर्शनों की रणनीति बना कर शाही इमाम ऐलान करेगें। इस मौके पर मौलाना फारूख, नायब शाही इमाम मौलाना उसमान रहमानी लुधियानवी, डा. सिराजदीन बाली, बिलाल खान, मुहम्मद जफर,  नसीम अंसारी, हाजी नौशाद, अल्ताफ जोशन, रहीस शाह, इरशाद, मुहम्मद रफीक, मुजीबु रहमान, शहजाद आलम, सज्जाद आलम, अंजुम असगर, डा. इदरीस, सिराजदीन अंसारी, मुहम्मद यूसुफ, डा. इसलाम, शेख अशरफ, कारी अल्ताफ  उर रहमान, मुहम्मद मेहराज, नय्यर आलम, मुहम्मद फुरकान, मुहम्मद कुलबुल, नासिर बनारसी, सूरज अंसारी, जिया उल हक, मुहम्मद रियाज सलमानी, मुहम्मद खालिद, अबू बकर, एहतशाम, डा. मुशताख, मुहम्मद तनवीर,मास्टर अब्दुल रहमान, सदरे आलम, एम.डी. नौशाद, एम.एच.बगगा, अनवर हुसैन, अकरम ढंडारी व शाही इमाम पंजाब के मुख्य सचिव मुहम्मद मुसतकीम भी मौजूद थे। 
फोटो कैप्शन : शरारती तत्वों की गिरफ्तारी के लिए शाही इमाम मौलाना हबीब उर रहमान व मुस्लिम समाज के प्रतिनीधि मुख्यमंत्री स. प्रकाश सिंह बादल के नाम मांग पत्र एसडीएम परमजीत को सौंपते हुए। उनके साथ चेयरमैन हीरा सिंह गाबडिय़ा, एडीसीपी-1 जोगिन्द्र सिंह, एसीपी सैन्ट्रल अमनदीप बराड़, बाबा अजीत सिंह व अन्य।

Tuesday, July 26, 2016

कारगिल के शहीदों की कुर्बानियों को भुलाया नहीं जा सकता

Tue, Jul 26, 2016 at 4:11 PM 
कश्मीर भारत का आंतरिक मामला, पाकिस्तान दखलअंदाजी न करे
शाही इमाम पंजाब ने फिर दिया स्पष्ट नीति बयान 
लुधियाना: 26 जुलाई 2016: (पंजाब स्क्रीन ब्यूरो):
17वें कारगिल विजय दिवस के मौके पर आज जामा मस्जिद में देश की आन-बान-शान के लिए शहीद हुए जवानों को याद किया गया और विशेष दुआ करवाई गई। इस मौके पर अपने संदेश में शाही इमाम पंजाब मौलाना हबीब उर रहमान सानी लुधियानवी ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच हुए कारगिल युद्ध में देश को विजय दिलवाने वाले शहीदों को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होनें कहा कि रहती दुनिया तक कारगिल के वीरो योद्धा सम्मान के साथ याद किए जाते रहेगें। शाही इमाम मौलाना हबीब उर रहमान ने कश्मीर के हालात पर बोलते हुए कहा कि कश्मीर भारत का आंतरिक मामला है, जिसे अगर राजनीतिक लोग चाहे तो चुटकी में सुलझाया जा सकता है। लेकिन राजनीतिक पार्टियां इस पर वोट बैंक की चालें चल रही है। पाकिस्तान की निंदा करते हुए शाही इमाम ने कहा कि कश्मीर के मसले में पाकिस्तान सरकार दखलअंदाजी ना करे। क्योंकि ये भारत का आंतरिक मामला है, जिसे यहां के लोग मिल-बैठ कर सुलझाएगें। एक प्रश्न का उत्तर देते हुए शाही इमाम ने कहा कि हम अमरनाथ यात्रियों के साथ कश्मीर में हुए र्दुव्यवहार की निंदा करते है। शाही इमाम ने कहा कि किसी भी धर्म के लोगों के साथ र्दुव्यवहार निंदायोग है। उन्होनें कहा कि पंजाब में जो शरारती तत्व अल्पसंख्यकों के साथ जबरदस्ती करना चाहते है, उसे हरगिज सहन नहीं किया जाएगा। शाही इमाम पंजाब ने केन्द्र सरकार की दोगली नीति की निंदा करते हुए कहा कि कश्मीर में उत्पात मचाने वालों पर पलेटन गन चलाई जा रही है और पंजाब में उत्पात मचाने वालों को अभी तक गिरफ्तार भी नहीं किया गया। इस दोगली नीति की वजह से ही देश में हालात बिगड़ते है। शाही इमाम ने कहा कि हम सब भारतीय है, हमें विदेशी ताकतों की साजिशों से सतर्क रहते हुए अपने देश में अमन, शांति व आपसी भाईचारे को बरकरार रखना है। इस मौके पर बजमे हबीब के अध्यक्ष गुलाम हसन कैसर, कारी अलताफ उर रहमान, नायब शाही इमाम मौलाना उसमान रहमानी लुधियानवी, अबदुल सुभान, मौलाना महबूब, कारी इब्राहिम, मौलाना मोहतरम, मौलाना अतीक उर रहमान फैजाबादी, शाह नवाज अहमद, अंजुम असगर, शेख अशरफ, परवेज आलम, शाहजेब खान, मुहम्मद सकलेन व शाही इमाम पंजाब के मुख्य सचिव मुहम्मद मुस्तकीम मौजूद थे।शाही इमाम के इस बयान से उन साम्प्रदायिक लोगों के सामने ज़रूर सवाल खड़े हो गए हैं जो आये दिन एक विशेष अल्पसंख्यक समाज को निशाना बना कर नफरत  भड़काने को तैयार रहते हैं। 

Monday, July 25, 2016

पंजाब में अमन, शांति व भाईचारा भंग नहीं होने देंगे

जामा मस्जिद पहुंचे विभिन्न धार्मिक व सियासी प्रतिनिधियों का आश्वासन
 जामा मस्जिद लुधियाना में शाही इमाम मौलाना हबीब उर रहमान के साथ मुलाकात के दौरान  जिला योजना बोर्ड के चेयरमैन हीरा सिंह गाबड़ीया, बाबा अजीत सिंह, जिला भाजपा के उपाध्यक्ष संजय कपूर, पुष्पिंदर सिंगल, मौलाना उसमान रहमानी व रविंदर वर्मा
लुधियाना, 25 जुलाई 2016  (पंजाब स्क्रीन ब्यूरो)::
लुधियाना में मुस्लिम ट्रक ड्राइवरों के साथ हुई बदसलूकी व फगवाड़ा में हुई सम्प्रदायी घटना की निंदा करते हुए आज यहां फील्डगंज चौंक स्थित ऐतिहासिक जामा मस्जिद से अमन, शांति व भाईचारा बनाए रखने की अपील जारी की गई। इस अवसर पर शहर की विभिन्न धार्मिक व राजनीतिक पार्टीयों के प्रतिनिधियों ने शाही इमाम पंजाब मौलाना हबीब उर रहमान सानी लुधियानवी से मुलाकात कर जामा मस्जिद की ओर से आपसी भाईचारे को बनाए रखने में दिए जा रहे सहयोग की सराहना करते हुए आश्वासन दिलाया कि पंजाब के सभी हिन्दू, सिख, मुस्लिम, ईसाई व दलित भाईचारे के लोग किसी भी शरारती तत्व के बहकावे में आकर अमन, शांति व आपसी भाईचारा भंग नहीं होने देगें।  शाही इमाम ने कहा कि लुधियाना और पूरा पंजाब आपसी भाईचारे की जिंदा मिसाल है, जिसे टूटने नहीं दिया जाएगा। उन्होनें कहा कि हमें विश्वास है कि पुलिस व प्रशासन पूरी जिम्मेवारी के साथ अपना दायित्व निभाएगें। इस मौके पर जिला योजना बोर्ड को चेयरमैन हीरा सिंह गाबडिय़ा, नगर निगम लुधियाना के मेयर हरचरण सिंह गोहलवडिय़ा, जिला कांग्रेस के अध्यक्ष गुरप्रीत गोगी, राज्य मंत्री मदन लाल बगगा, टीम इंसाफ प्रमुख व विधायक सिमरनजीत सिंह बैंस, गुरूद्वारा दुख निवारण के मुख्य सेवादार प्रितपाल सिंह, ज्ञान स्थल मंदिर के अध्यक्ष जगदीश बजाज, आम आदमी पार्टी के लुधियाना आब्जर्वर अमरीश तिरखा, जिला भाजपा उपाध्यक्ष पुष्पिंन्द्र सिंगल व संजय कपूर, बलजिन्द्र सिंह बिंद्रा, बिलाल खान, बब्लू कुरेैशी, सिराज अली, मुहम्मद सिराज, नौशाद अंसारी,  मुहम्मद साद कुरैशी, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अशोक पराशर पप्पी, स्वर्णकार राजपूत महासभा के अध्यक्ष रविन्द्र वर्मा, बाबा अजीत सिंह पूर्व चेयरमैन व्यापार बोर्ड पंजाब, नायब शाही इमाम मौलाना उसमान रहमानी लुधियानवी व शाही इमाम पंजाब के मुख्य सचिव मुहम्मद मुसतकीम विशेष रूप से जामा मस्जिद लुधियाना में उपस्थित थे।

Friday, September 18, 2015

ईद: शिक्षक संस्थान धार्मिक भेदभाव न करें - शाही इमाम पंजाब

ईद के दिन पंजाब के स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी न होना अफसोसनाक
लुधियाना: 18 सितम्बर 2015: (पंजाब स्क्रीन ब्यूरो):
25 सितम्बर को मनाई जाने वाली ईद-उल-जुहा (बकरीद) के दिन पंजाब के स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी न करना अफसोसनाक है। यह बात आज यहां लुधियाना जामा मस्जिद में पत्रकार सम्मेलन के दौरान शाही इमाम पंजाब मौलाना हबीब उर रहमान सानी लुधियानवी ने कही। उन्होंने कहा कि यह बहुत ही अफसोस की बात है कि अकसर स्कूलों और कॉलेजों की मैनेजमैंट ने ईद-उल-जुहा की छुट्टी तो क्या करनी थी 25 तारीख को पेपर भी रखे हुए है, जिसकी वजह से मुस्लिम विद्यार्थी चाहकर भी नमाज-ए-ईद अदा नहीं कर सकेगें। उन्होंने कहा कि पंजाब जो कि धार्मिक सदभावना में देश के लिए एक मिसाल रहा है। पिछले दो तीन वर्षों से पंजाब में स्कूलों और कॉलेजों की मनमानी की वजह से भेदभाव का माहौल पैदा कर रहा है। 
शाही इमाम पंजाब मौलाना हबीब उर रहमान सानी लुधियानवी ने कहा कि इस दौरान ज्यादा निराशाजनक स्थिति प्रशासन की बनी हुई है जो कि सब कुछ जानते हुए भी मुकदर्शक बना हुआ है। उन्होंने बताया कि इस सम्बन्ध में जामा मस्जिद कमेटी की ओर से कई बार डिप्टी कमिश्नर लुधियाना श्री रजत अग्रवाल जी से सम्पर्क करने की कोशिश की गई लेकिन उनकी ओर से समय नहीं दिया गया। उन्होंने बताया कि इस सम्बन्ध में एक ज्ञापन मुख्यमंत्री पंजाब जनाब प्रकाश सिंह बादल के नाम कल दिनांक 17.09.2015 को मैडम डॉ. कन्नू शिकायत अफसर लुधियाना डी.सी. दफ्तर को भी सौंपा गया। 
शाही इमाम पंजाब मौलाना हबीब उर रहमान सानी लुधियानवी ने कहा कि स्कूलों और कॉलेजों की ओर से ईद पर छुट्टी न करना निन्दनीय नहीं बल्कि निराशाजनक है क्योंकि शिक्षक संस्थान ही भारत की एकता और अखंडता की नींव को मजबूत करते है। अगर यहां से ही ऐसे फैसले होंगे तो बच्चों पर इसका क्या असर पड़ेगा। एक प्रश्न के उत्तर में शाही इमाम पंजाब ने कहा कि अगर स्कूलों और कॉलेजों की ओर से ईद के दिन छुट्टी नहीं की जाती तो वह मुस्लिम समुदाय से आहवान करेंगे कि ईद के दिन काली पट्टियां बांधकर नमाज अदा करे। इस मौके पर शाही इमाम के मुख्य सचिव मुहम्मद मुस्तकीम, बाबुल खान विशेष रूप से उपस्थित थे।



Monday, March 17, 2014

पावन कुरआन के अपमान का आरोपी निकला डरगज ऐडिक्ट

पाकिस्तान: हिन्दु समुदाय के खिलाफ आग और तोड़फोड़ के बाद शांति 
तोड़फोड़ और आगज़नी के बाद 
पूरे हिन्दू समुदाय को निशाना बनाया 
पाकिस्तान के लड़काना इलाके में स्थिति नियंत्रण में होने के बावजूद हिन्दू बहुल इलाके में सहम छाया हुआ है। एक ड्र्ग्स ऐडिक्ट व्यक्ति के कुकृत्य की सज़ा पूरे हिन्दु समुदाय को दी जा रही है। गौरतलब है कि एक हिन्दु व्यक्ति पर पावन कुरान के कुछ पन्ने फाड़ने का आरोप है। यह आरोप अभी तक साबित भी नहीं हुआ। पुलिस इस सारे मामले की उच्च स्तरीय जाँच कर रही है। उम्मीद है इस सारे मामले की हकीकत जल्द ही सब के सामने आ जायेगी। अफ़सोस को क्रोधित हुए लोग जांच पूरी होने का इंतज़ार भी नहीं कर रहे।   
हिन्दु धर्मशाला पर हमले के बाद का भयावह दृश्य
किसी सिरफिरे की ओर से पवित्र कुरान के कुछ पुष्ठ फाड़ने की सज़ा पाकिस्तान के हिन्दू समुदाय को भुगतनी पड़ी। गुस्साए लोगों ने न केवल मंदिर को आग लगाय बल्कि वहाँ की एक हिन्दू धर्मशाला को भी अपना निशाना बनाया गया। पाकिस्तान से प्राप्त कुछ तस्वीरों को हम यहाँ भी प्रकाशित कर रहे हैं। 
हमला इतना भयावह था कि पूरे  इलाके में कोहराम मच गया। हमलावरों ने जम कर मूर्तियों की तोड़फोड़ की। आतंक का नंगा नाच इतना खतरनाक था कि प्रशासन को स्थिति नियंत्रण में लाने के लिए कर्फ्यू लगाना पड़ा।
इस आरोप के बाद शनिवार की रात को लड़काना के हिन्दू मन्दिर और धर्मशाला को निशाना बनाया गया। आग लगाई गयी और तोड़फोड़ की गयी। 

अब हालत नियंत्रण  में है और करफियू में भी काफी ढील है पर  बावजूद हिन्दु परिवार भयभीत हैं। हिन्दु समाज ने बार बार सफाई दी है कि वे इस तरह की घटिया बातें सोच भी नहीं सकते। 


Thursday, January 16, 2014

लव जेहाद नामक वेबसाइट के विरोध में रोष की लहर

Thu, Jan 16, 2014 at 10:24 AM
जत्थेदार अकाल तख्त साहिब को सौंपा हिंदू जनजागृति मंच ने ज्ञापन
अमृतसर: (गजिंदर सिंह किंग//पंजाब स्क्रीन):
आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तोएबा की ओर से चलाई जा रही वेबसाइट लव जेहाद डाट काम के खिलाफ हिंदू जनजागृति मंच और ह्यूमन राइट्स आफ ग्लोबल माइनारिटीज का एक शिष्टमंडल आज श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी गुरबचन सिंह से मिला और इस वेबसाइट के माध्यम से हिंदुओं और सिखों की लड़कियों से शादी कर उन्हें मुसलमान बनाने जैसे मुद्दे पर आगे आकर इसे रोकने की अपील की। ज्ञापन को हासिल करने के बाद जत्थेदार अकाल तख्त ने कहा है, कि वह इस मामले के संबंध में एसजीपीसी प्रधान से बात कर उचित कदम जरूर उठाएंगे श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी गुरबचन सिंह ने बताया, कि आज उन्हें यह ज्ञापन हासिल हुआ है और वह इस पर एसजीपीसी प्रधान अवतार सिंह मक्कड़ से संपर्क कर उचित कदम जरूर उठाएंगे
    आतंकी संगठन लश्कर-ए-तोएबा की ओर से चलाई जा रही वेबसाइट लवजेहाद डाट काम पर मुसलमान लड़कों को हिंदुओं और सिखों की लड़कियों के साथ शादी कर उन्हें मुसलमान बनाए जाने का आह्वान किए जाने के मुद्दे को लेकर आज हिंदु जनजागृति मंच और ह्यूमन राइट्स ग्लोबल माइनारिटीज के सदस्य श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी गुरबचन सिंह से मिलने पहुंचे और उन्हें ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी गुरबचन सिंह ने बताया, कि आज उन्हें यह ज्ञापन हासिल हुआ है और वह इस पर एसजीपीसी प्रधान अवतार सिंह मक्कड़ से संपर्क कर उचित कदम जरूर उठाएंगे, उधर हिंदू जनजागृति मंच के नेता सुरेश मुंजाल और ह्यूमन राइट्स के इंद्रजीत सिंह ने बताया, कि लव जेहाद के माध्यम से कई हिंदुओं और सिखों की लड़कियों को मुसलमान बनाया जा चुका है और यह प्रक्रिया जारी है। उन्होंने बताया, कि इस प्रक्रिया को रोकने के लिए वे हर धर्म के उच्च पदस्थ गुरुओं और जत्थेदारों से मिल कर उन्हें इस कार्य के खिलाफ लामबंद होने और लोगों को जागरूक करने की अपील कर रहे हैं। उन्होंने बताया, कि इंग्लैंड में भी ऐसी ही घटनाओं पर वहां की पुलिस ने उचित कदम उठाते हुए हिंदुओं और सिखों को अपनी बेटियों को इस तरह की धोखाधड़ी से सचेत रहने के लिए कहा है।