Friday, September 18, 2015

ईद: शिक्षक संस्थान धार्मिक भेदभाव न करें - शाही इमाम पंजाब

ईद के दिन पंजाब के स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी न होना अफसोसनाक
लुधियाना: 18 सितम्बर 2015: (पंजाब स्क्रीन ब्यूरो):
25 सितम्बर को मनाई जाने वाली ईद-उल-जुहा (बकरीद) के दिन पंजाब के स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी न करना अफसोसनाक है। यह बात आज यहां लुधियाना जामा मस्जिद में पत्रकार सम्मेलन के दौरान शाही इमाम पंजाब मौलाना हबीब उर रहमान सानी लुधियानवी ने कही। उन्होंने कहा कि यह बहुत ही अफसोस की बात है कि अकसर स्कूलों और कॉलेजों की मैनेजमैंट ने ईद-उल-जुहा की छुट्टी तो क्या करनी थी 25 तारीख को पेपर भी रखे हुए है, जिसकी वजह से मुस्लिम विद्यार्थी चाहकर भी नमाज-ए-ईद अदा नहीं कर सकेगें। उन्होंने कहा कि पंजाब जो कि धार्मिक सदभावना में देश के लिए एक मिसाल रहा है। पिछले दो तीन वर्षों से पंजाब में स्कूलों और कॉलेजों की मनमानी की वजह से भेदभाव का माहौल पैदा कर रहा है। 
शाही इमाम पंजाब मौलाना हबीब उर रहमान सानी लुधियानवी ने कहा कि इस दौरान ज्यादा निराशाजनक स्थिति प्रशासन की बनी हुई है जो कि सब कुछ जानते हुए भी मुकदर्शक बना हुआ है। उन्होंने बताया कि इस सम्बन्ध में जामा मस्जिद कमेटी की ओर से कई बार डिप्टी कमिश्नर लुधियाना श्री रजत अग्रवाल जी से सम्पर्क करने की कोशिश की गई लेकिन उनकी ओर से समय नहीं दिया गया। उन्होंने बताया कि इस सम्बन्ध में एक ज्ञापन मुख्यमंत्री पंजाब जनाब प्रकाश सिंह बादल के नाम कल दिनांक 17.09.2015 को मैडम डॉ. कन्नू शिकायत अफसर लुधियाना डी.सी. दफ्तर को भी सौंपा गया। 
शाही इमाम पंजाब मौलाना हबीब उर रहमान सानी लुधियानवी ने कहा कि स्कूलों और कॉलेजों की ओर से ईद पर छुट्टी न करना निन्दनीय नहीं बल्कि निराशाजनक है क्योंकि शिक्षक संस्थान ही भारत की एकता और अखंडता की नींव को मजबूत करते है। अगर यहां से ही ऐसे फैसले होंगे तो बच्चों पर इसका क्या असर पड़ेगा। एक प्रश्न के उत्तर में शाही इमाम पंजाब ने कहा कि अगर स्कूलों और कॉलेजों की ओर से ईद के दिन छुट्टी नहीं की जाती तो वह मुस्लिम समुदाय से आहवान करेंगे कि ईद के दिन काली पट्टियां बांधकर नमाज अदा करे। इस मौके पर शाही इमाम के मुख्य सचिव मुहम्मद मुस्तकीम, बाबुल खान विशेष रूप से उपस्थित थे।



No comments: