16th November, 2026 AT 09:05PM
अंतरराष्ट्रीय पुरुष दिवस विशेष: ‘मर्द हूँ ना’ में दिखी पुरुषों की अनकही पीड़ा और सामाजिक दोहरे मापदंड
मिनी टैगोर थिएटर में परम्परा आर्ट्स के नाटक का प्रभावशाली मंचन; पुरुषों की सामाजिक स्थिति, मानसिक पीड़ा और उनके साथ होने वाले शोषण के विभिन्न पहलुओं को उठाया
चंडीगढ़, 14 नवम्बर 2026 : (कार्तिका सिंह//पंजाब स्क्रीन डेस्क)::
मध्य प्रदेश के चर्चित लेखक, कवि एवं पत्रकार नवीन रांगियाल ने कुछ समय पहले अपने फेसबुक पेज पर पुरुषों के जीवन, उनकी जिम्मेदारियों, भावनात्मक संघर्षों और अनकही पीड़ा को लेकर एक बेहद संवेदनशील काव्य-रचना साझा की थी। उनकी ये पंक्तियां पुरुषों के जीवन के उन पहलुओं को सामने लाती हैं, जिन पर अक्सर पर्याप्त चर्चा नहीं होती।
उन्होंने लिखा था:
"आख़िरकार औरतों ने मर्दों पर कविताएँ लिखीं, भले वे बहुत बेहूदा और ख़राब ही क्यों न थीं!
औरतों ने वो काम कर दिखाया जो मर्द ख़ुद अपने लिए नहीं कर सका। अब किसी औरत से मैं चाहता हूं कि वो मर्द के पसीने पर पसीने से भीगी कोई कविता लिखेगी।
मैं चाहता हूं कि एक तख्ती पर यह भी लिखा जाना चाहिए कि कैसे मर्दों ने घर बनाए। खेत उगाये। फ़सल उगाई। बाग़ लगाए और बागों में फूल उगाए। भले तोड़कर नहीं ला सके, पर कैसे औरतों को उनके लिए चांद- तारे तोड़ लाने के ख़्वाब दिखाए?
लिखो कि मर्दों ने तुमसे वो भी कहा जो वो नहीं कर सकते थे!
एक तख्ती पर लिखो कि कैसे मर्दों ने औरतों को सुंदर कहा, लिखो कि जब औरतों को यकीन नहीं हुआ कि वे सुंदर हैं तो उसने उनके लिए शीशे भी बना डाले।
औरतों को चाहिए कि एक तख्ती पर वो लिखे कि कैसे मर्द दफ़्तर के किसी कोने में ताउम्र एक वक्त सिर्फ़ ठंडी रोटियां खाता रहा?
औरतों! यह भी लिखो कि वो कितना उदास दिखता है जब अकेले- अकेले खाना खाता है?
लिखो कि कैसे मर्द फोन करते- करते यह सोचकर रुक जाता है कि अभी वो सो रही होगी।
एक तख्ती पर यह भी लिखो कि जब वो बारिश में भीगकर घर लौटता है तो कैसे उसकी देह का एक हिस्सा सड़क के कीचड़ में बहकर चला जाता है? कैसे गर्म सड़कों पर धूप हमेशा के लिए उसका रंग चुरा लेती है?
यह भी लिखो कि कैसे वो सर्दियों में अपनी हड्डियां बेचकर घर लौटता रहा?
लिखो कि मर्द अक्सर अपने घर के लिए ही जल्दी घर लौटता है। एक तख्ती पर यह भी तो लिखो कि कई बार औरतों की वजह से ही वो घर नहीं लौटाता!
लिखो कि ज़्यादातर मर्दों ने सबसे पहले बेटियां ही क्यों पैदा करना चाही?
औरतों! साहस करो, एक तख्ती पर यह भी लिखो कि तुम्हारा भाई और बाप भी एक मर्द है।
लिखो कि आख़िर क्यों ज़्यादातर दोस्तियां मर्द ही निभाते रहे?
यह भी तो लिखो कि वो तभी रोता है जब उसके आसपास कोई नहीं होता और तभी हंसता है जब सभी उसके साथ होते हैं।
लिखो कि जो प्रेम में रो पड़ता है, वो श्मशानों में पत्थर क्यों हो जाता है? पता करो, मर्द क्यों चाहता है कि मरे हुए मर्दों की आत्माएं हमेशा के लिए मुक्त हो जाए?
एक तख्ती पर लिखो कि तमाम मृत्युओं का बोझ वो कहां रखता होगा?
एक तख्ती पर लिखो कि क्यों वो ईश्वर के खिलाफ़ हर सुबह फिर से पैदा होकर उठ खड़ा हो जाता है?
एकआध तख्तियों पर यह भी लिखना चाहिए कि क्यों सबसे ज़्यादा उसकी पीठ और तलवों में छाले पड़ते हैं?
एक तख्ती पर मर्द की उदासी का भी ज़िक्र करो तो जानें!
लिखो कि ज़िंदगी के तमाम रंज ओ ग़म के बावजूद मर्द ने देवता क्यों नहीं बनना चाहा?
यह भी लिखो कि मर्द की देह आखिर थकती क्यों नहीं?
एक तख्ती पर लिखो कि एक बार जाने के बाद उसकी आत्मा वापस लौटना क्यों नहीं चाहती?"
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सुश्री गुरिंदर बराड़, सर्कल स्तर भाजपा, मोहाली एवं हिन्दुस्तान टाइम्स की पूर्व मीडिया प्रमुख ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से आयोजन की शोभा बढ़ाई। समसामयिक सामाजिक विषय पर आधारित इस प्रस्तुति को दर्शकों की खूब सराहना मिली।
जब ‘मर्द कभी नहीं रोते’ की धारणा बन जाती है भावनात्मक बोझ
नाटक की शुरुआत एक मनोचिकित्सक के क्लिनिक से होती है, जहां तनावग्रस्त एक युवा अपनी व्यथा लेकर पहुंचता है। वह अपनी तकलीफ किसी के सामने व्यक्त नहीं कर पाता, क्योंकि समाज ने उसके मन में यह धारणा बैठा दी है कि ‘मर्द कभी नहीं रोते और मर्द को कभी दर्द नहीं होता।’ इसी सोच के चलते वह अपनी भावनाओं और परेशानियों को भीतर ही भीतर दबाने के लिए विवश हो जाता है।यह प्रसंग उस सामाजिक मानसिकता पर सवाल उठाता है, जिसमें पुरुषों से हर परिस्थिति में मजबूत बने रहने की अपेक्षा की जाती है, लेकिन उन्हें अपनी कमजोरी स्वीकार करने या मदद मांगने की सहजता नहीं दी जाती।
इसके बाद नाटक एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति की कहानी सामने लाता है, जिसे एक युवती ‘शुगर डैडी’ के रूप में इस्तेमाल कर उससे पैसे ऐंठती है। विरोध करने पर उलटे उसे ही धमकियों का सामना करना पड़ता है। सामाजिक उपहास और बदनामी के डर से वह व्यक्ति अपनी पीड़ा किसी के सामने व्यक्त नहीं कर पाता। यह प्रसंग रिश्तों में विश्वास, आर्थिक शोषण और पीड़ित व्यक्ति की सामाजिक असहायता को दर्शाता है।
एक अन्य प्रसंग नवविवाहित दंपति के रिश्ते पर केंद्रित है। इसमें पत्नी अपने पति की शराफत और सीधेपन का अनुचित लाभ उठाती है। वह पहले उसे ब्लैकमेल करती है और फिर कानूनी कार्रवाई की धमकी देकर उससे पैसे ऐंठने का प्रयास करती है। पति अपनी परिस्थितियों और सामाजिक अपेक्षाओं के बीच खुद को असहाय पाता है। इस घटनाक्रम के माध्यम से नाटक रिश्तों में विश्वास और सम्मान की अहमियत के साथ-साथ भावनात्मक एवं आर्थिक शोषण के प्रभाव को सामने लाता है।
इसी क्रम में एक नौकरीपेशा व्यक्ति की कहानी दिखाई जाती है, जो कार्यालय और घर—दोनों जगह दबाव एवं शोषण के दोहरे चक्र में फंसा हुआ है। मानसिक रूप से परेशान होने के बावजूद वह अपनी पीड़ा किसी से साझा नहीं कर पाता। यह प्रसंग उन लोगों की स्थिति को उजागर करता है जो अपनी जिम्मेदारियां निभाते हुए भीतर से संघर्ष करते रहते हैं, लेकिन उनकी परेशानियां अक्सर दूसरों की नजरों से ओझल रह जाती हैं।
नाटक का अंतिम प्रसंग सड़क पर हुई एक मामूली टक्कर से शुरू होता है। यहां एक युवती घटना का फायदा उठाकर सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे एक युवक पर झूठा आरोप लगा देती है और उसे पुलिस के हवाले कर देती है। इस घटनाक्रम से युवक का भविष्य और करियर तबाह होने की कगार पर पहुंच जाता है। यह प्रसंग आरोपों की गंभीरता, निष्पक्ष जांच और किसी भी व्यक्ति के साथ न्यायपूर्ण व्यवहार किए जाने की आवश्यकता को रेखांकित करता है।
बेटों को भी मिले भावनाएं व्यक्त करने की आजादी
नाटक के समापन पर सभी युवा कलाकार एक साथ मंच पर आते हैं और दर्शकों से भावुक अपील करते हैं कि वे अपनी बेटियों को भी बेटों के समान उचित संस्कार दें। प्रस्तुति का संदेश है कि किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए और किसी निर्दोष युवक को झूठे आरोपों के चलते अपना भविष्य गंवाने की नौबत नहीं आनी चाहिए।
इसी संदर्भ में नाटक में ‘नीले ड्रम’ जैसी घटनाओं और युवकों को पहाड़ी से धक्का दिए जाने जैसी भयावह घटनाओं का उल्लेख भी किया गया, जो दर्शकों को सोचने पर मजबूर करता है। नाटक यह सवाल उठाता है कि सामाजिक न्याय और संवेदनशीलता का आधार किसी का स्त्री या पुरुष होना नहीं, बल्कि उसके साथ होने वाला व्यवहार होना चाहिए।
सशक्त कथानक, प्रभावशाली निर्देशन और जीवंत अभिनय
नाटक की प्रमुख विशेषताओं में राजेश आत्रेय द्वारा चुना गया नवीन एवं समसामयिक कथानक, सटीक संवाद और अर्पणा गुप्ता का प्रभावशाली निर्देशन शामिल रहे। निर्देशक ने नाटक की मूल विषयवस्तु और उसके सामाजिक संदेश को मंच पर सशक्त ढंग से प्रस्तुत किया। वहीं, नाटक की थीम एवं वैचारिक परिकल्पना को आकार देने में संजीव बंसल का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कलाकारों ने अपने सशक्त अभिनय से विभिन्न पात्रों की मानसिक स्थिति, विवशता और भावनात्मक संघर्ष को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। नाटक में मुख्य भूमिकाओं में कृष अग्रवाल, डॉक्टर वरुण खन्ना, माधुरी गहलौत, ज्योत्स्ना जोशी, आशु गुप्ता, सोनिमा सेतिया, दीपक शर्मा, तृष वर्मा, अरहम जैन, हरदिलजीत सिंह, कशीश, हंसिका, कल्पित तंवर, नीना बजाज एवं संजीव बंसल सहित अन्य कलाकारों ने प्रभावशाली अभिनय किया।
एक ऐसा सवाल, जिस पर समाज को सोचने की जरूरत है
‘मर्द हूँ ना’ केवल मनोरंजन तक सीमित रहने वाली प्रस्तुति नहीं, बल्कि समाज के सामने पुरुषों की भावनात्मक स्थिति, उनकी सामाजिक चुनौतियों और उनके प्रति प्रचलित धारणाओं पर विचार करने का अवसर प्रस्तुत करता है।
पुरुषों की पीड़ा को समझने का अर्थ महिलाओं के संघर्षों को कमतर आंकना नहीं है। बल्कि यह स्वीकार करना है कि भावनाएं, संवेदनाएं और सम्मान की जरूरत किसी एक लिंग तक सीमित नहीं होती। जिस समाज में बेटियों को अपनी बात कहने और अपनी भावनाएं व्यक्त करने का अधिकार दिया जाता है, उसी समाज में बेटों को भी रोने, अपनी तकलीफ साझा करने और जरूरत पड़ने पर मदद मांगने की सहजता मिलनी चाहिए।
मंचन के बाद दर्शकों के सामने एक महत्वपूर्ण सवाल रह जाता है—क्या हम पुरुषों को भी उतनी ही सहजता से इंसान होने, भावुक होने और अपनी कमजोरियां स्वीकार करने की जगह दे पा रहे हैं, जितनी उनसे हमेशा मजबूत बने रहने की अपेक्षा करते हैं?
अंतरराष्ट्रीय पुरुष दिवस केवल पुरुषों के योगदान को याद करने का दिन नहीं, बल्कि उनके भीतर चल रहे अनकहे संघर्षों को समझने का भी अवसर है। ‘मर्द हूँ ना’ जैसे नाटक यह याद दिलाते हैं, कि पुरुष होना भावनाओं से परे होना नहीं है। उन्हें भी सम्मान, संवेदनशीलता, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और भावनात्मक सहारे की उतनी ही आवश्यकता है। एक बेहतर समाज वही होगा, जहां किसी को भी अपनी तकलीफ छिपाने के लिए केवल इसलिए मजबूर न होना पड़े कि उससे हमेशा मजबूत बने रहने की उम्मीद की जाती है।




No comments:
Post a Comment