Monday, April 25, 2016

सड़क हादसे ने ले ली धर्मवती मिश्रा की भी जान

राजनैतिक और समाजिक वर्गों में उदासी की लहर 
लुधियाना: 25 अप्रैल 2016: (पंजाब स्क्रीन ब्यूरो): 

सड़क हादसों ने एक और जान ले ली। हर पल आम जनता के लिए तैयार रहने वाली सक्रिय समाजिक कार्यकर्ता धर्मावती मिश्र अब नहीं रहीं। दोपहर को यह खबर आते ही हर तरफ उदासी छा गयी। 

सड़क हादसे इसे पूर्व भी बहुत सी अनमोल जानें ले चुके हैं। इस बार लुधियाना के फोकल प्वाइंट इलाके में सोमवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने जिला भाजपा महिला विंग की सचिव धर्मावती मिश्रा को कुचल दिया। इस महिला नेता की मौके पर ही मौत हो गई। धर्मावती अपनी एक्टिवा पर किसी सामाजिक औपचारिकता को पूरा करने के लिए जा रही थीं। घटना के तुरंत बाद आरोपी ड्राइवर ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसे जल्द पकड़ लेगी पर धर्मावती अब कभी नहीं लौटेगी। 
हादसे में धर्मावती की मौत की खबर सुनते ही भाजपा के कई नेता और थाना फोकल प्वाइंट की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच के बाद अज्ञात ट्रक ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी ड्राइवर की तलाश कर रही है जो हादसे के तुरंत बाद फरार हो गया था। 
जांच अधिकारी राजिंदर सिंह ने कहा कि धर्मावती मिश्रा मूल रुप से बिहार के जिला बेतिया की रहने वाली थीं। पिछले कई साल से वह राम नगर इलाके में रह रही थीं। इस समय वह भारतीय जनता पार्टी महिला विंग के सचिव पद पर तैनात थीं। धर्मावती अपने इलाके में काम करने वाली नेता के नाम से पहचानी जाती थीं। उनके पति नंद किशोर मिश्रा एक निजी फैक्टरी में कार्यरत है। अन्याय का शिकार लोगों को न्याय दिलवाना और ज़रूरतमंद लोगों की सहायता वह पहल के आधार पर करतीं थीं। 
किसी ने नहीं सोचा था वह इतनी जल्दी चली जाएंगी। उनकी मौत के बाद भी अगर हादसों की रोकथाम के लिए कुछ ठोस कदम उठए जा सकें तो शायद उनकी आत्मा को अधिक शांति मिलेगी। 

No comments: