Monday, May 15, 2017

क्रान्तिकारी संगठनों ने मनाया अमर शहीद सुखदेव का जन्म दिन


शहीद सुखदेव के जन्म स्थान नौघरा में हुआ श्रद्धांजलि कार्याक्रम

लुधियाना:15 मई, 2017: (पंजाब स्क्रीन टीम):: Click to see More Pics on Facebook
नगर निगम के ए ज़ोन, माता रानी चौंक, चौड़ा बाजार और साथ लगते अन्य इलाकों में आज इंकलाबी नारों की गूंज थी। अम्र शहीद सुखदेव के जन्मदिन पर कुर्बानियों का इतिहास याद किया और कराया जा रहा था। सरकारी कार्यक्रम और पारिवारिक कार्यक्रम से अलग रहते हुए सक्रिय वाम संगठनों ने आज अपने अंदाज़ में शहीद का जन्मदिन मनाया। शहीद सुखदेव की जन्मस्थली नौघरा मौहल्ला में पहुंच कर इन संगठनों ने गीत संगीत के साथ साथ अपने भाषणों में भी अपनी विचारधारा को व्यक्त किया। गीत वही चुने गए थे जो आम जनता के हक की बात करते थे। Click to see More Pics on Facebook
लोक मोर्चा पंजाब के कस्तूरी लाल ने स्पष्ट किया कि हम यहां माथे टेकने नहीं बल्कि शहीदों के विचारों की चर्चा करने आए हैं। बाद में बोले वक्ताओं ने भी शहीदों के अधूरे सपनों की खुल कर चर्चा की। 

Click to see More Pics on Facebook
शहीद सुखदेव के जन्म स्थान नौघरा मोहल्ला में बिगुल मज़दूर दस्ता, लोक मोर्चा पंजाब, और इंकलाबी केन्द्र पंजाब द्वारा संयुक्त तौर पर शहीद सुखदेव का जन्मदिन मनाया गया। घण्टा घर चौंक के नज़दीक नगर निगम कार्यालय से लेकर नौघरा मोहल्ला तक पैदल मार्च किया गया। शहीद सुखदेव की यादगार पर लोगों ने श्रद्धांजलि के फूल भेंट किए। इलाके में संगठनों द्वारा जारी एक पर्चा भी बाँटा गया। जगह-जगह नुक्कड़ सभाएँ की गई। इस अवसर पर बिगुल मज़दूर दस्ता की नेता बलजीत, लोक मोर्चा पंजाब के नेता कस्तूरी लाल और इंकलाबी केन्द्र पंजाब के नेता जसवंत जीरख ने अपने विचार पेश किए। मोल्डर एण्ड स्टील वर्कर्ज यूनियन के हरजिन्दर सिंह, इंकलाबी नौजवान विद्यार्थी मंच के हर्ष ने भी विचार पेश किए। मंच संचालन बिगुल मज़दूर दस्ता के राजविन्दर ने किया।
Click to see More Pics on Facebook

वक्ताओं ने कहा कि उनके लिए शहीद सुखदेव को याद करना कोई रस्मपूर्ति नहीं है। क्रान्तिकारी शहीदों की कुर्बानियाँ मानवता की लूट, दमन, अन्याय के खिलाफ़ जूझने वालों के लिए हमेशा से प्रेरणा का स्रोत रही हैं। उन्होंने कहा शहीद सुखदेव और उनके साथी सिर्फ अंग्रेज हकूमत से आजादी के लिए नहीं लड़ रहे थे। शहीद सुखदेव व उनके साथियों के विचारों के जितने बड़े दुश्मन अंग्रेज हाकिम थे, उतने ही बड़े दुश्मन भारतीय हाकिम भी हैं। अपनी फाँसी से तीन दिन पहले पंजाब के गवर्नर को लिखे खत में सुखदेव, भगतसिंह और राजगुरु ने लिखा था - ''... युद्ध छिड़ा हुआ है यह लड़ाई तब तक चलती रहेगी जब तक कि शक्तिशाली व्यक्तियों ने भारतीय जनता और श्रमिकों की आय के साधनों पर अपना एकाधिकार कर रखा है। चाहे ऐसे व्यक्ति अंग्रेज पूँजीपति या सर्वथा भारतीय ही हों या दोनों मिले हुए...इस स्थिति में कोई फर्क नहीं पड़ता।''
Click to see More Pics on Facebook

वक्ताओं ने कहा कि सुखदेव का यह स्पष्ट मानना था कि सिर्फ अंग्रेजी गुलामी से मुक्ति से ही मेहनतकशों की जिन्दगी बेहतर नहीं हो जाएगी, कि जब तक समाज के समूचे स्रोत-संसाधनों पर मेहनतकश लोगों का कब्जा नहीं हो जाता तब तक जनता बदहाल ही रहेगी। वे समाज के स्रोत-साधनों पर चंद धन्नाढ्यों का कब्जा नहीं चाहते थे बल्कि उनकी लड़ाई तो समाजवादी व्यवस्था कायम करने के लिए थी। सुखदेव ने लिखा था- ''हिन्दुस्तानी सोशियलिस्ट रिपब्लिकन पार्टी के नाम से ही पता साफ पता चलता है कि क्रान्तिवादियों का आदर्श समाज-सत्तावादी प्रजातंत्र की स्थापना करना है।''
 Click to see More Pics on Facebook
वक्ताओं ने शहीद सुखदेव को धर्म, जाति, बिरादरी, क्षेत्र आदि से जोड़कर उनकी कुर्बानी के महत्व को घटाने व उनके विचारों पर्दा डालने की जाने-अनजाने में हो रही कोशिशें का विरोध करते हुए कहा कि उनकी लड़ाई तो समूची मानवता को हर तरह की आर्थिक, राजनीतिक, सामाजिक गुलामी, लूट, दमन, अन्याय से मुक्त करने की थी। मेहतनकश लोगों का गरीबी-बदहाली, बेरोज़गारी से छुटकारा धर्मों, जातियों, क्षेत्रों आदि के भेद मिटाकर एकजुट होकर लुटेरे हाकिमों के खिलाफ क्रान्तिकारी वर्ग संघर्ष के जरिए ही हो सकता है।   Click to see More Pics on Facebook
वक्ताओं ने कहा कि अमीरी-गरीबी की बढ़ती खाई, बेरोजगारी, इलाज योग्य बीमारियों से भी मौतें, बाल मज़दूरी, स्त्रियों के विरुद्ध बढ़ते अपराध, गरीबों की शिक्षा से बढ़ती दूरी, वोटों के लिए लोगों को धर्म-जाति आधारित साम्प्रदायिकता की आग में झोंक देने की तेज़ हो रही घिनौनी साजिशें, कदम-कदम पर साधारण जनता पर बढ़ता जा रहा ज़ोर-जुल्म-यही वो आज़ादी है जिसके गुणगान देश के हाकिम पिछले 70 वर्षों से करते आएँ हैं। देशी-विदेशी धन्नासेठ मालामाल हैं, लेकिन लोग कंगाल हैं। गरीबी-बदहाली के महासागर में अमीरी के कुछ टापू- यही है आज़ाद भारत की भयानक तस्वीर। जनता के हकों के लिए संघर्षशील लोगों को देशद्रोही करार देकर दमन किया जा रहा है। जब से केन्द्र में मोदी सरकार बनी है तबसे जनाधिकारों पर हमला और भी तेज़ हो गया है। उन्होंने कहा कि शहीद सुखदेव और उनके साथियों के सपनों का समाज बनना अभी बाकी है। उन्होंने शहीद सुखदेव के जन्मदिन पर इंकलाबी शहीदों की सोच अपनाने व फैलाने का प्रण करने व उनके सपनों के समाज के निर्माण की ज़ोरदार तैयारी में जुट जाने का आह्वान किया।

No comments: