Tuesday, July 30, 2013

अमृतसर में रंजिशन हत्या

अफवाहों का फायदा उठाते हुए निकाली चुनावी रंजिश
गोली मार कर एक की हत्या, दो को किया जख्मी
अमृतसर:29 जुलाई,2013: (गजिंदर सिंह किंग//पंजाब स्क्रीन) पूरे राज्य में इस समय काला कच्छा गिरोह और नाइजीरियन गिरोह के हमलों की अफवाहों का दौर जारी है। इन्हीं अफवाहों का फायदा उठाते हुए कुछ लोग अपनी निजी रंजिशों को निकालने में जुटे हुए हैं। ऐसा ही एक मामला अमृतसर के पंडोरी वड़ैच गांव में सामने आया है। जहां पंचायती चुनावों की रंजिश निकालने के लिए एक पक्ष ने अपने विरोधी पक्ष से संबंधित कुलवंत सिंह नामक व्यक्ति को गोली मार कर मौत के घाट उतार दिया, जबकि दो लोगों को घायल कर दिया। घटना की जांच में जुटे पुलिस अधिकारी सुखदेव सिंह के मुताबिक बीती रात पंडोरी वड़ैच गांव में कुछ लोगों अफवाह फैला दी कि उनके गांव में काला कच्छा गिरोह के लोग घुस गए हैं। उक्त अफवाह सुनते ही पूरा गांव घरों से बाहर निकल आया। इसी दौरान गांव निवासी कुलवंत सिंह और उनका बेटा बलजीत सिंह भी बाहर आए। दूसरी ओर गांव का ही रहने वाला सोनू और उसका साथी भी हथियारों के साथ बाहर आया और कुलवंत सिंह पर गोलियां दाग दी। जिससे कुलवंत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ खड़े गांव के ही निवासी दो लोग घायल हो गए। उन्होंने बताया कि इस संबंध में केस दर्ज कर लिया गया है। लेकिन आरोपी अभी फरार है। उन्हें गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है। जांच अधिकारी ने दावा किया है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

No comments: