Monday, April 29, 2013

कब आएंगे परग्रहवासी?

रूसी समाजविज्ञानियों ने पता लगाने के लिए किया एक जनमत अध्ययन 
क्या मानव ब्रहमांड में अकेला है ?
                                                                                    © फ़ोटो: SXC.hu
विश्लेषण से मालूम हुआ कि लगभग एक चौथाई रूसी लोगों को यह उम्मीद है कि परग्रहवासी हमारी पृथ्वी पर आएंगे|
आधे से अधिक रूसियों को परग्रहवासी जैसी बातों में कोई विश्वास नहीं है| किंतु लगभग 40% लोगों का यह मानना है कि पृथ्वी-इतर सभ्यताएं अस्तित्वमान हैं| आश्चर्य की बात यह है कि ऐसा मानने वालों में उच्च शिक्षा प्राप्त और अच्छी आमदनी वाले पुरुष ही अधिक हैं|
लगभग एक चौथाई रूसियों को विश्वास है कि अगले पचास वर्ष के अंदर-अंदर पृथ्वीवासियों का पृथ्वी-इतर सभ्यताओं से संपर्क स्थापित हो जाएगा| इसके साथ ही वे यह भी मानते हैं कि इस भेंट का स्थान पृथ्वी भी हो सकती है यानी ये इतर-सभ्यताओं वाले पृथ्वी पर अवतरित हो सकते हैं| या फिर ऐसा भी हो सकता है कि अंतरिक्ष का अध्ययन कर रहे पृथ्वी के अंतरिक्षनाविकों की अंतरिक्ष में उनसे कहीं भेंट हो जाए|
रूसी लोगों को सबसे अधिक विश्वास इस बात पर है कि पृथ्वी-इतर सभ्यताओं से भेंट धरतीवासियों के लिए हितकर होगी| अनेक लोगों ने यह मत व्यक्त किया कि दूसरे ग्रहों के निवासी हमसे अधिक बुद्धिमान, उदार और ईमानदार हैं और वे पृथ्वीवासियों को अपने ये सद्-गुण प्रदान करेंगे| लेकिन साथ ही कुछ लोगों को यह आशंका भी है कि पृथ्वी-इतर सभ्यताएं हमें भारी क्षति पहुंचा सकती हैं| उन्हें डर है कि ये सभ्यताएं मानव पर प्रयोग करेंगी या फिर पृथ्वी पर कब्ज़ा ही कर लेंगी|
लगभग एक चौथाई लोग यह मानते हैं कि परग्रहवासी पृथ्वी पर आए थे और उन्होंने पृथ्वीवासियों से संपर्क भी स्थापित कर लिए थे| इनमें से अधिकाँश लोगों का यही मानना है कि यह संपर्क पृथ्वीवासियों के लिए हितकर रहा|
एक और दिलचस्प बात यह है कि आधे से अधिक लोग यह मानते हैं कि देश के नेताओं को पृथ्वी-इतर सभ्यताओं के बारे में कहीं अधिक जानकारी है किंतु वे किन्हीं कारणों से आम लोगों तक यह जानकारी नहीं पहुँचने दे रहे| (रेडिओ रूस)

No comments: