Sunday, March 08, 2015

ढण्डारी बलात्कार व कत्ल काण्ड गर्माया अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर

दोषी विक्की को जमानत मिलने और पीड़ित परिवार के साथ मारपीट से इलाके में तनाव
लोगों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ़ नारेबाज़ी की  
ढण्डारी खुर्द (लुधियाना):8 मार्च 2015: (पंजाब स्क्रीन ब्यूरो):
लुधियाना में शहनाज अगवा, बलात्कार व कत्ल काण्ड का मामले में आज माहौल काफी तनावपूर्ण बन गया जब जेल में बन्द दोषियों में से दो दोषियों शहजाद और अनवर के तीन रिश्तेदारों ने मृतका शहनाज की माँ हुश्नियारा खातून को अदालत में गवाही न देने के लिए कहा और ऐसा न होने पर जान से मारने की धमकी दी। शहनाज की माँ ने जब कहा कि वे किसी दबाव के नीचे नहीं झुकेंगे तो इन तीनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मौके पर इक्कठा हुए लोगों ने उसे बचाया। इस मामले में पुलिस को लिखित शिकायत दी गई है। इसी तरह पीड़ित परिवार के मददगार मोहल्ला निवासी मोनू तिवारी को भी जान से मारने की धमकियाँ दी जा रही हैं। इस बारे में भी पुलिस को लिखित शिकायत दी गयी है। गुण्डा गिरोह, उनके रिश्तेदार आदि इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। मौके पर ढण्डारी बलात्कार व कत्ल काण्ड विरोधी संघर्ष कमेटी के संयोजक व कारखाना मज़दूर यूनियन के अध्यक्ष लखविन्दर व अन्य यूनियन कार्यकर्ता भी पहुँच गए। सैंकड़ों में इक्कठे हुए लोगों ने जमकर नारेबाजी की।
    इस मामले में दोषी विक्की को जमानत मिलने के खबर फैलने से इलाके के लोगों में काफी गुस्सा है। विक्की को एक महीना पहले चलान पेश होने से पहले ही चार फरवरी को जमानत मिल गई थी। पुलिस ने इस बारे में किसी को खबर नहीं होने दी यहाँ तक कि पीड़ित परिवार को भी इसकी सूचना नहीं दी गई थी। चार मार्च को इस मामले में अदालत में सुनवाई के दौरान ही पता चला कि विक्की तो जमानत पर रिहा हो चुका है। इसके बाद इलाके के लोगों में काफ़ी गुस्सा फैला हुआ है। आज ढण्डारी बलात्कार व कत्ल काण्ड संघर्ष कमेटी ने इलाके के लोगों की सभा की और पुलिस से माँग की कि विक्की की जमानत रद्द की जाए। विक्की को जमानत चलान पेश होने से पहले मिली है। चलान में विक्की और अन्य दोषियों के खिलाफ़ और भी धाराएँ जोड़ी गई हैं जिनमें विक्की व अन्य दोषियों को जमानत नहीं मिली है। बाकी के दोषी कत्ल केस में अभी जेल में बन्द हैं। लोगों ने पंजाब पुलिस के खिलाफ़ जमकर नारेबाजी की। संघर्ष कमेटी के संयोजक और का.म.यू. के अध्यक्ष लखविन्दर ने लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि विक्की को जमानत मिलना और इसकी पीड़ित परिवार तक को एक महीने तक कोई खबर न होने देना पुलिस की दोषियों के साथ मिलीभगत को एक बार भी स्पष्ट करता है। लोगों ने माँग की कि विक्की को तुरन्त गिरफ्तार किया जाए, दोषियों के साथ मिलीभगत बन्द की जाए, अदालती केस की जानकारी नियमित तौर पर पीड़ित परिवार को दी जाए। लोगों ने किसी भी दबाव में न आने, गुण्डा गिरोह न डरने और संघर्ष जारी रखने का प्रण किया।

No comments: